
लखनऊ | समाजवादी पार्टी मुख्यालय:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश इस समय गंभीर संकट से गुजर रहा है और भाजपा सरकार की नीतियों ने अर्थव्यवस्था को कमजोर कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि मौजूदा हालात में महंगाई लगातार बढ़ेगी। उन्होंने समाजवादी विचारक राममनोहर लोहिया की “दाम बांधो नीति” को महंगाई पर नियंत्रण का प्रभावी उपाय बताते हुए इसे लागू करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के लिए “अग्निपरीक्षा” होगा और इसमें उत्तर प्रदेश की भूमिका सबसे अहम रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर सकती है, लेकिन इस बार जनता की ताकत के सामने टिक नहीं पाएगी।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ है और हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
महिला आरक्षण कानून का जिक्र करते हुए उन्होंने मांग की कि इसे 2027 के चुनाव से पहले लागू किया जाए, ताकि महिलाओं को वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने भाजपा पर महिलाओं को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के खिलाफ “पीडीए” (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एकजुट हो चुका है और यही गठबंधन 2027 में भाजपा का विकल्प बनेगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा का सफाया तय है।
कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए उन्होंने संयमित भाषा और व्यवहार बनाए रखने की सलाह दी और चेतावनी दी कि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की साजिश कर सकती है।
इस अवसर पर राजेन्द्र चौधरी, श्याम लाल पाल, विशम्भर यादव, तूफानी सरोज, एसटी हसन, जावेद आब्दी, चन्द्रदेव राम यादव, लीलावती कुशवाहा और असीम यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।













