वार्डन पर अभद्रता और मारपीट का आरोप, पुलिस-प्रशासन के आश्वासन पर शांत हुआ प्रदर्शन; 25 से अधिक पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
लखनऊ: BBD University में मेस के खराब खाने को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। देर रात बीटेक और बीसीए के छात्रों ने हॉस्टल परिसर में जमकर हंगामा किया और भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए।
छात्रों का आरोप है कि जब उन्होंने मेस के खाने की शिकायत की, तो वार्डन और ब्लॉक हेड Shubham Pratap Singh ने उनके साथ अभद्रता की और मारपीट की। इसके बाद मामला और बढ़ गया और CMD ब्लॉक में तनाव का माहौल बन गया।
आक्रोशित छात्र हॉस्टल से निकलकर Lucknow–Ayodhya Highway की ओर बढ़े और हाईवे जाम करने की कोशिश की। करीब आधी रात तक कैंपस में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
हालांकि, BBD Police Station के इंस्पेक्टर के मुताबिक, अब तक किसी भी छात्र की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
पुलिस की लापरवाही पर गिरी गाज
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हुए हैं। जानकारी के अनुसार, हंगामे के समय कई थानों की पुलिस और पीएसी बल मौके पर पहुंचा, लेकिन बीबीडी थाने के ही 25 से अधिक पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे, जबकि उन्हें लगातार निर्देश दिए जा रहे थे।
वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। देर रात करीब ढाई बजे थाने की जीडी में रिपोर्ट दर्ज कर मामले को उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया।
बढ़ते विवादों में BBD यूनिवर्सिटी
गौरतलब है कि BBD क्षेत्र लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर स्थित एक संवेदनशील इलाका माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल और किराए के मकानों में रहते हैं। इससे पहले भी यहां छात्रों के बीच विवाद और हिंसा की घटनाएं सामने आती रही हैं।













