लखनऊ, 29 मई 2026।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डॉ. सी.पी. राय ने भाजपा सरकार के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की संपत्तियों की जांच कराने की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की छवि खराब करने के लिए भाजपा सुनियोजित अभियान चला रही है।
प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू और शहर कांग्रेस कमेटी उत्तरी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी भी मौजूद रहे।
डॉ. राय ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय हमेशा पीड़ितों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को उठाते रहे हैं। उन्होंने महोबा में दलित छात्रा के साथ हुई कथित अमानवीय घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़िता के घर नहीं पहुंचा, जबकि अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने गए तो प्रशासन ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इसके बाद भाजपा सरकार ने एआई जनरेटेड वीडियो के जरिए अजय राय के खिलाफ दुष्प्रचार किया और फर्जी मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार अजय राय की संपत्ति की जांच की मांग कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. राय ने दावा किया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है और यदि वास्तव में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करनी है तो सरकार अपने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की संपत्तियों की भी जांच कराए। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में हुए कथित भ्रष्टाचार की सच्चाई इससे सामने आ जाएगी।
उन्होंने आगरा नगर निगम और टोरेंट कंपनी से जुड़े मामले, अयोध्या के विकास कार्यों और हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना का उल्लेख करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। डॉ. राय ने कहा कि कांग्रेस सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और शुचिता की पक्षधर है तथा सरकार चाहे किसी भी एजेंसी से जांच करा ले, लेकिन वही एजेंसियां भाजपा नेताओं की संपत्तियों की भी जांच करें।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वे राहुल गांधी के विचारों के सिपाही हैं और किसी भी जांच से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।













