akademi-samman-samaroh-2026-51-kalakaron-ko-samman

अकादमी सम्मान समारोह 2026 में 51 कलाकार होंगे सम्मानित, 63 वर्षों से कला-संस्कृति के संरक्षण में जुटी है अकादमी

लखनऊ, 03 जून 2026। पर्यटन भवन, गोमती नगर में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की उपलब्धियों और आगामी सम्मान समारोह की जानकारी साझा की गई। अकादमी ने बताया कि वर्ष 2021, 2022, 2023 और 2024 के लिए चयनित कुल 51 कलाकारों को अकादमी सम्मान, सफदर हाशमी पुरस्कार और बेगम अख्तर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

अकादमी की स्थापना 13 नवंबर 1963 को हुई थी और पिछले 63 वर्षों से यह संगीत, नृत्य, नाटक, लोकसंगीत और लोकनाट्य की परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार का कार्य कर रही है।

अकादमी द्वारा अब तक विभिन्न विधाओं के लगभग 510 कलाकारों को “अकादमी सम्मान” से सम्मानित किया जा चुका है। इनमें गायन, वादन, नृत्य, अभिनय, निर्देशन, लेखन, लोककला और कला समीक्षा जैसी विधाओं से जुड़े कलाकार शामिल हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से प्रदेश के 75 जनपदों में शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय गायन, तबला, पखावज, ढोलक, शहनाई, सारंगी, सितार, कथक, भरतनाट्यम, अभिनय, निर्देशन तथा लोकगीत-लोकनाट्य जैसी विधाओं की कार्यशालाओं का नियमित आयोजन किया जा रहा है।

नवोदित कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अकादमी द्वारा समय-समय पर प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक आयोजनों का आयोजन भी किया जाता है। इसके अलावा अकादमी के स्टूडियो में उत्कृष्ट कलाकारों की प्रस्तुतियों का अभिलेखीकरण कर उन्हें संरक्षित किया जाता है।

अकादमी की सांस्कृतिक त्रैमासिक पत्रिका ‘छायानट’ का प्रकाशन वर्ष 1977 से लगातार किया जा रहा है। अब तक इसके 168 अंक प्रकाशित हो चुके हैं।

अकादमी सम्मान समारोह-2026 प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने और कलाकारों के योगदान को नई पहचान प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Search

About

नई सोच नई ऊर्जा एक RNI-प्रमाणित (Registered with Registrar of Newspapers for India) और डिजिटल न्यूज़ चैनल है, जो निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से प्रस्तुत करता है।
हम राजनीति, प्रशासन, समाज, अर्थव्यवस्था, संस्कृति और समसामयिक विषयों पर विश्वसनीय समाचार और विश्लेषण पाठकों तक पहुँचाते हैं।

हमारी प्राथमिकता है सत्य, पारदर्शिता और जिम्मेदार पत्रकारिता
ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर ब्रेकिंग न्यूज़ तक, हमारी टीम खबरों की पुष्टि के बाद ही उन्हें प्रकाशित करती है।

नई सोच नई ऊर्जा का उद्देश्य है—

  • सटीक और भरोसेमंद समाचार
  • लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती
  • जनआवाज़ को मंच देना
  • डिजिटल माध्यम से त्वरित सूचना

हम मानते हैं कि सही खबर ही समाज को सही दिशा देती है

Gallery