घरेलू गैस सिलेंडर से सिर पर वार कर की गई थी हत्या, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सिलेंडर भी बरामद किया।
लखनऊ/जानकीपुरम
जानकीपुरम थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल घरेलू गैस सिलेंडर भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 7 जून 2026 को जानकीपुरम विस्तार निवासी परम आनंद मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भतीजे अभिषेक मिश्रा ने अपने भाई आयन मिश्रा के साथ मारपीट की और गैस सिलेंडर से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल आयन को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त उत्तरी के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने 8 जून को आरोपी अभिषेक मिश्रा (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त घरेलू गैस सिलेंडर भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी वर्ष 2021 में मारपीट का एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।












