लखनऊ | 21 जुलाई 2026
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के अवध प्रांत द्वारा मंगलवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में संगठन शिल्पी प्रो. यशवंतराव केलकर की जन्मशती वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष अभिवाचन कार्यक्रम ‘प्रिय केलकर जी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभाविप के पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान प्रो. केलकर के व्यक्तित्व, उनके संगठनात्मक योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी विचारधारा पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन मुख्य अतिथि, क्षेत्रीय प्रचार सह-प्रमुख मनोज कांत मुख्य वक्ता तथा उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता आदित्य सिंह, युवा उद्यमी अरुण रावत, अभाविप की प्रांत उपाध्यक्ष प्रो. मंजुला उपाध्याय, प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा और लखनऊ महानगर मंत्री सरिता पाण्डेय सहित कई पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।
कार्यकर्ता निर्माण और राष्ट्र निर्माण पर जोर
मुख्य अतिथि स्वांत रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि प्रो. यशवंतराव केलकर ने विद्यार्थी परिषद को केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बनाया। उन्होंने कहा कि केलकर जी ने परिषद को सामूहिकता, पारदर्शिता, स्वायत्त कार्यशैली और रचनात्मक सोच के आधार पर आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी, जो आज भी संगठन के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत हैं।
मुख्य वक्ता मनोज कांत ने कहा कि प्रो. केलकर का उद्देश्य ऐसे कार्यकर्ताओं का निर्माण करना था जो जीवन के किसी भी क्षेत्र में रहकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें। उन्होंने कहा कि आज अभाविप विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन बन चुका है और शिक्षा, प्रशासन, न्यायपालिका, उद्योग, तकनीकी, नवाचार तथा सामाजिक जीवन सहित अनेक क्षेत्रों में नेतृत्व प्रदान कर रहा है।
दयाशंकर सिंह बोले— अनुच्छेद 370 हटाने के वैचारिक संघर्ष में अभाविप की रही भूमिका
उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि उनका व्यक्तित्व और सार्वजनिक जीवन अभाविप की देन है। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें राष्ट्र प्रथम की भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का संस्कार दिया।
उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने के वैचारिक संघर्ष में विद्यार्थी परिषद ने वर्षों तक जनजागरण और राष्ट्रहित में वातावरण तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अभाविप के मूल्यों और सेवा भावना को अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
पीढ़ियों का संगम बना कार्यक्रम
कार्यक्रम से पहले अभाविप के पूर्व और वर्तमान कार्यकर्ताओं का मिलन-समागम भी आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने प्रो. यशवंतराव केलकर से जुड़े संस्मरण साझा किए और संगठनात्मक कार्यशैली पर अपने अनुभव बताए। अभाविप के प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा ने कहा कि संगठन की विभिन्न पीढ़ियों का एक मंच पर आना वर्तमान कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है और इससे संगठन के प्रति समर्पण की भावना और मजबूत होगी।
कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद के विशेष आमंत्रित सदस्य प्रो. राजशरण शाही, क्षेत्रीय संगठन मंत्री घनश्याम शाही, अवध प्रांत संगठन मंत्री अभिलाष, सह संगठन मंत्री ज्ञानेंद्र सहित अभाविप के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, भाजपा के पूर्व महामंत्री अनूप गुप्ता, भाजपा प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्र, शिक्षाविद प्रो. जे.पी. सिंह समेत सैकड़ों पूर्व और वर्तमान कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।













