लखनऊ। UPSSSC फार्मासिस्ट एलोपैथिक भर्ती में सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने बुधवार को लखनऊ में उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के आवास पहुंचकर मुलाकात की। अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी अपनी समस्याओं और मांगों को उपमुख्यमंत्री के सामने रखा।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्तमान में फार्मासिस्ट एलोपैथिक के 564 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। वहीं, उनके मुताबिक फरवरी 2025 तक सूचना के अधिकार (RTI) के माध्यम से प्रदेश में 804 फार्मासिस्ट पद खाली होने की जानकारी सामने आई थी।
अभ्यर्थियों ने उपमुख्यमंत्री से मांग की कि विभाग में उपलब्ध रिक्त पदों को देखते हुए भर्ती में सीटों की संख्या बढ़ाई जाए। उनका कहना है कि यदि खाली पदों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाता है तो बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिल सकता है।
अभ्यर्थियों ने अपनी मांग के समर्थन में रिक्त पदों का विवरण भी सामने रखा और सरकार से भर्ती प्रक्रिया में अधिक से अधिक पद शामिल करने की अपील की। इस दौरान अभ्यर्थियों ने अपनी समस्याएं और लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं की स्थिति से भी उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया।
अब अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि सरकार उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए फार्मासिस्ट एलोपैथिक भर्ती में रिक्त पदों के अनुसार सीटों की संख्या बढ़ाने की दिशा में कदम उठाएगी।
फार्मासिस्ट भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली होने के बावजूद सीमित पदों पर भर्ती होने से कई योग्य उम्मीदवार रोजगार के अवसर से वंचित रह सकते हैं। ऐसे में उन्होंने सरकार से रिक्तियों का पुनर्मूल्यांकन कर भर्ती में अधिक पद शामिल करने की मांग की है।
यह खबर भी पढ़ें: अंधभक्त’ कहे जाने पर ईशा कोप्पिकर













