रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां की जेल से रिहाई के बाद एक बार फिर कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जेल से बाहर आते ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि ED की टीम उन्हें अपने साथ ले गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, आजम खां आज ही जेल से रिहा हुए थे। उनकी रिहाई के तुरंत बाद ED की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान ED के अधिकारियों के साथ CRPF के जवान भी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि प्रवर्तन निदेशालय ने बीते 14 अक्टूबर को इस मामले में मुकदमा दर्ज किया था। इसी प्रकरण को लेकर ED की टीम ने यह कार्रवाई की है।
आजम खां की रिहाई के बाद अचानक हुई इस कार्रवाई से रामपुर के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। फिलहाल ED की ओर से कार्रवाई के विस्तृत कारणों और आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल से रिहाई के तुरंत बाद ED की हिरासत में लिए गए आजम खां से पूछताछ के बाद जांच किस दिशा में आगे बढ़ेगी।
यह खबर भी पढ़ें: न्यूजीलैंड ने चौथे टी20 में भारत को 87 रन से हराया













