हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की विधानसभा क्षेत्र 161-संडीला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। भरावन ब्लॉक के समीप हुई बैठक में संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस के पर्यवेक्षक और राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री पवन गोदारा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी को संडीला से कांग्रेस-इंडिया गठबंधन का प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंशू अवस्थी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं और स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करते हैं। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि पार्टी उन्हें संडीला विधानसभा से चुनाव मैदान में उतारती है तो वे पूरी ताकत के साथ उन्हें जिताने का प्रयास करेंगे।
किसान नेता वसीम अंसारी ने ली कांग्रेस की सदस्यता

कार्यक्रम के दौरान किसान नेता वसीम अंसारी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व मंत्री पवन गोदारा, कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी और प्रदेश महासचिव सैफ अली नकवी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
इस दौरान दिल्ली से आए कांग्रेस पर्यवेक्षक पवन गोदारा ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया और क्षेत्र में संगठन की स्थिति तथा आगामी चुनाव को लेकर उनकी राय जानी।
‘क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्या मेरी जिम्मेदारी’
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कि संडीला विधानसभा क्षेत्र में कई समस्याएं हैं और अब बदलाव की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को लेकर संघर्ष करेंगे और लोगों के साथ खड़े रहेंगे।
अंशू अवस्थी ने कहा कि “संडीला विधानसभा के प्रत्येक नागरिक की समस्या मेरी जिम्मेदारी है और मैं उनके साथ खड़ा रहूंगा।”
विधानसभा कार्यालय का उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी के विधानसभा कार्यालय का भी उद्घाटन किया गया। कार्यालय का उद्घाटन कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के पर्यवेक्षक एवं राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री पवन गोदारा ने किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विक्रम पांडे, प्रदेश महासचिव सैफ अली नकवी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल तिवारी, भरावन ब्लॉक अध्यक्ष रामनरेश अर्कवंशी, संडीला ब्लॉक अध्यक्ष नसीम वारसी, जिला महासचिव महताब अहमद, जिला उपाध्यक्ष साधू सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में सियाराम मौर्य, सागर रावत, अरुण यादव, मुन्ना अंसारी, शुभम मिश्रा, सुमित मिश्रा, डॉ. राजपाल, गरीबे गौतम, मोल्हे साईं, चुन्नू रावत, सोनू अर्कवंशी, नरेंद्र दीक्षित, निर्मल अर्कवंशी, न्याय पंचायत अध्यक्ष नजीर अहमद, परसा मोहम्मदीनपुर के यासीन और चंद्रशेखर शर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक में अंशू अवस्थी को संडीला से संभावित प्रत्याशी बनाए जाने की मांग ने स्थानीय कांग्रेस संगठन में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गतिविधियों के तेज होने के संकेत दिए हैं। हालांकि, प्रत्याशी को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व द्वारा किया जाना बाकी है।

यह खबर भी पढ़ें: 6 चालानों से ₹4.35 लाख वसूले, 5.5 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त













