लखनऊ। सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के अभियान के तहत नगर निगम लखनऊ और तहसील सरोजनी नगर प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। सरोजनी नगर के ग्राम फर्रुखाबाद चिल्लॉवा में तालाब और बंजर भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर करीब 3,000 वर्गफुट सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
नगर आयुक्त गौरव कुमार और अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, सरकारी भूमि का व्यावसायिक उपयोग करने के उद्देश्य से वहां अतिक्रमण किया गया था।
तालाब और बंजर भूमि पर था कब्जा
कार्रवाई ग्राम फर्रुखाबाद चिल्लॉवा स्थित खसरा संख्या 608/0.038 हेक्टेयर, 629/0.063 हेक्टेयर बंजर भूमि तथा 614/0.063 हेक्टेयर तालाब भूमि पर की गई। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जे को हटाया और तालाब भूमि को पूर्व स्थिति में बहाल कराया।
नगर निगम और तहसील की संयुक्त कार्रवाई
प्रभारी अधिकारी संपत्ति रिपु दमन सिंह और तहसीलदार अरविन्द कुमार पाण्डेय द्वारा उपलब्ध कराई गई टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। नायब तहसीलदार रत्नेश कुमार के नेतृत्व में नगर निगम के राजस्व निरीक्षक प्रदीप गिरी, लेखपाल अमरेश कुमार सहित अन्य राजस्व कर्मचारियों ने कार्रवाई में हिस्सा लिया। मौके पर सरोजनी नगर थाना पुलिस का भी सहयोग रहा।
कार्रवाई के दौरान तहसील के नायब तहसीलदार ऐश्वर्य नन्दा, राजस्व निरीक्षक पाटनदीन तिवारी तथा लेखपाल विनय शुक्ला, अनूप शुक्ला और अमरेन्द्र भी मौजूद रहे।
सरकारी जमीन पर कब्जे के खिलाफ अभियान जारी
नगर निगम प्रशासन के मुताबिक इस कार्रवाई से करीब 3,000 वर्गफुट बेशकीमती सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है।
प्रशासन ने कहा है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह खबर भी पढ़ें: यूपी में चीनी की कमी नहीं, 179.38 लाख कुंतल स्टॉक उपलब्ध













