साहित्य, संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी पर छात्रों ने रखे विचार; 500 से अधिक प्रतिभागियों की मौजूदगी
लखनऊ, 11 अगस्त। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS), राजाजीपुरम प्रथम कैंपस की ओर से आयोजित चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक ओलंपियाड ‘ऑडिसी इंटरनेशनल-2026’ में देश-विदेश से आए छात्र प्रतिभाग कर रहे हैं। आयोजन में 14 से अधिक देशों के प्रतिभागियों के साथ भारत के विभिन्न राज्यों से आए छात्र भी हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी छात्रों ने साहित्य को समृद्ध समाज, सतत विकास और बेहतर भविष्य का आधार बताते हुए अपने विचार साझा किए। छात्रों का कहना था कि साहित्य केवल ज्ञान और अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों और समाजों को जोड़ने का प्रभावी माध्यम भी है।
अलग-अलग देशों के छात्रों ने साझा किए अनुभव
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेपाल से आए छात्रों ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय मंच से उन्हें विभिन्न देशों की संस्कृति और सभ्यता को करीब से समझने का अवसर मिलता है। छात्रों ने कहा कि अलग-अलग देशों के विद्यार्थियों से संवाद के जरिए ज्ञान का विस्तार होने के साथ-साथ एकता, शांति और आपसी भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।
आयोजकों के अनुसार, इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 500 से अधिक छात्र प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता, साहित्यिक क्षमता, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
साहित्य के साथ पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर
सीएमएस प्रबंधन की ओर से बताया गया कि ‘ऑडिसी इंटरनेशनल-2026’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को साहित्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है। आयोजन के माध्यम से छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ विभिन्न देशों के विद्यार्थियों से सीखने और विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिल रहा है।
ओलंपियाड में म्यूजिकल ऑर्केस्ट्रा, सोशल मीडिया स्टोरी, रिम ऑफ रिदम, राइजिंग ऑफ ए स्टोरी, सस्टेनेबल चैलेंज, कविता/भाषण, इकोवर्स, फ्रेम पेज टू पैलेट, बोल्टन वाइब्स और थिएटर जैसी विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
‘साहित्य सुखद भविष्य का आधार’
कार्यक्रम में सीएमएस प्रबंधन ने कहा कि साहित्य युवाओं में संवेदनशीलता, रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के जरिए विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने और विभिन्न संस्कृतियों को समझने का अवसर मिलता है।
‘ऑडिसी इंटरनेशनल-2026’ का आयोजन 11 से 14 अगस्त तक लखनऊ में किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए छात्र और टीम लीडर साहित्य, संस्कृति, पर्यावरण और सामाजिक विषयों से जुड़ी गतिविधियों में भाग ले रहे हैं।
यह भी पढ़ें: चोरी की रकम से खरीदी गई क्लासिक बुलेट













