लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी नेतृत्व प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति का जमीनी आकलन करने में जुटा है। इसी क्रम में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन यूपी के सांसदों से अलग-अलग वन-टू-वन मुलाकात कर फीडबैक ले रहे हैं।
बताया जा रहा है कि अब तक 25 से अधिक यूपी सांसदों के साथ नितिन नवीन की बातचीत हो चुकी है। इन मुलाकातों में सांसदों से उनके लोकसभा क्षेत्रों की जमीनी स्थिति, स्थानीय समस्याओं और जनता के बीच पार्टी की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी ली जा रही है।
छह क्षेत्रों के सांसदों से अलग-अलग बातचीत
बीजेपी अध्यक्ष की ओर से उत्तर प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के सांसदों से अलग-अलग बातचीत की जा रही है। चर्चा का प्रमुख फोकस आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ-साथ संगठन की सक्रियता और बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ पर है।
सांसदों से यह भी जाना जा रहा है कि उनके क्षेत्रों में जनता के बीच कौन से स्थानीय मुद्दे प्रमुख हैं और किन विषयों को लेकर लोगों में नाराजगी या असंतोष देखने को मिल रहा है। इसके अलावा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक किस तरह पहुंच रहा है, इस पर भी फीडबैक लिया जा रहा है।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
बीजेपी नेतृत्व 2027 से पहले संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है। सांसदों से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी संगठन में जरूरी बदलाव और चुनावी रणनीति को धार देने की दिशा में आगे बढ़ सकती है।
पार्टी के सामने चुनौती केवल चुनावी समीकरणों की नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर संगठन की सक्रियता बनाए रखने की भी है। ऐसे में सांसदों से सीधे बातचीत को जमीनी स्थिति समझने की महत्वपूर्ण कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
सपा-कांग्रेस के नैरेटिव का जवाब देने की तैयारी
मंथन में विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस, की संभावित चुनावी रणनीति और नैरेटिव का जवाब देने पर भी चर्चा होने की बात सामने आई है। बीजेपी आने वाले समय में किन मुद्दों को प्रमुखता देगी और विपक्ष के हमलों का किस तरह जवाब दिया जाएगा, इस पर भी रणनीति तैयार की जा रही है।
दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं की बैठक
इसी बीच दिल्ली में उत्तर प्रदेश बीजेपी से जुड़े वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक भी हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह और विनोद तावड़े समेत संगठन से जुड़े नेताओं के बीच 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को नई धार देने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर मंथन हुआ।
बीजेपी अध्यक्ष की सांसदों के साथ वन-टू-वन बैठकों का सिलसिला अभी जारी है। बाकी सांसदों से भी जल्द मुलाकात होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इन बैठकों से सामने आने वाले फीडबैक के आधार पर यूपी में बीजेपी की आगामी चुनावी रणनीति को और स्पष्ट रूप दिया जाएगा।
यह खबर भी पढ़ें: लखनऊ में बंद मकानों में दिनदहाड़े चोरी













