69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण में गड़बड़ी का दावा, 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को किया सतर्क
लखनऊ:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) आरक्षण में घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आरक्षण व्यवस्था के साथ खिलवाड़ किया है और पिछड़े व दलित वर्गों के हक में कटौती की गई है।
लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़े वर्गों को 27 प्रतिशत आरक्षण के बजाय केवल 3.80 प्रतिशत ही दिया गया। इसी तरह एससी वर्ग को 21 प्रतिशत के बजाय 16.2 प्रतिशत आरक्षण मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने आरक्षण की “लूट” की है और निजीकरण के जरिए इसे खत्म करने की साजिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से सामाजिक और आर्थिक विषमता बढ़ी है। अमीरी-गरीबी की खाई चौड़ी हुई है और देश की आर्थिक ताकत कुछ हाथों में सिमटती जा रही है। महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है, जबकि सरकार बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है।
अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि भाजपा ने किसानों के हितों की अनदेखी की है और उनकी “किस्मत गिरवी” रख दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों और किसानों की विरोधी है।
2027 चुनाव पर फोकस
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि भाजपा मतदाता सूची में हेरफेर की कोशिश कर सकती है, इसलिए सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संयमित भाषा और व्यवहार अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश करेगी और झूठे आरोप लगाएगी, लेकिन इस बार उसकी कोई चाल सफल नहीं होगी।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ही सामाजिक न्याय, सम्मान और विकास की गारंटी दे सकती है। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।













