लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में उपमुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya और Brajesh Pathak सहित प्रदेश सरकार के सभी मंत्री मौजूद रहे। इसके अलावा मुख्य सचिव, डीजीपी, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिवों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
सूत्रों के अनुसार बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में लागू की गई प्रमुख योजनाओं और उनके प्रदेश में प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों, जनसभाओं, विकास अभियानों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समन्वय और निगरानी को और मजबूत किया जाए। बैठक में प्रशासनिक तैयारियों, विकास कार्यों की प्रगति तथा विभिन्न विभागों के प्रदर्शन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठकें कर रहे हैं और विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दे रहे हैं।













