नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित The Aranya सोसाइटी में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख सोसाइटी में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग एहतियातन अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग एयर कंडीशनर (AC) फटने के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने और यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि आग अन्य फ्लैटों तक न फैले।
यह घटना थाना सेक्टर-113 क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद विस्तृत जांच की जाएगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईराइज इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों का नियमित परीक्षण और रखरखाव बेहद आवश्यक है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।











