राजधानी लखनऊ में समाजवादी छात्र सभा के कार्यक्रम के दौरान छात्र हितों और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रों के सामने आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।इस दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि छात्र अधिकारों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, फीस वृद्धि, छात्रवृत्ति, निष्कासन और छात्रसंघ चुनाव जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। उनका कहना है कि अभियान के माध्यम से छात्रों और आम नागरिकों का समर्थन जुटाकर राज्यपाल के माध्यम से सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाई जाएंगी।कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में छात्र नेताओं ने कहा कि शिक्षा सभी का अधिकार है और सरकार को छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल और छात्रों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग दोहराई।
कार्यक्रम में छात्र संगठन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत के दौरान संगठन ने कहा कि यदि छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।













