लखनऊ, 18 अगस्त 2026। गोमतीनगर विस्तार थाना पुलिस ने मारपीट, जानलेवा हमला और वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी 17 अगस्त 2026 को अयोध्या के रौनाही टोल प्लाजा से मुखबिर की सूचना पर की गई।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, बस्ती निवासी आदर्श सिंह की लिखित तहरीर पर 3 जनवरी 2024 को थाना गोमतीनगर विस्तार में मुकदमा संख्या 01/2024 दर्ज किया गया था। मुकदमे में आरोप था कि विपक्षी पक्ष ने वादी के भाई अमन सिंह के साथ मारपीट करते हुए धारदार हथियारों से हमला किया और उनकी KIA Sonet कार (UP32NL1787) को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही राहुल सोनी और विकास पाल उर्फ हनुमान दास को गिरफ्तार कर लिया था। विवेचना के दौरान आशिफ उर्फ मोहम्मद आसिफ इद्रीशी का नाम भी सामने आया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी होने के साथ ही धारा 82 सीआरपीसी/84 बीएनएसएस के तहत भी कार्रवाई की गई थी। इसके बाद पुलिस टीम को मुखबिर से आरोपी के रौनाही टोल प्लाजा के पास होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने 17 अगस्त को शाम करीब 4:20 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशिफ उर्फ मोहम्मद आसिफ इद्रीशी पुत्र मोहम्मद अकरम, निवासी सोढरी महसो, थाना लालगंज, जनपद बस्ती, उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई है।
बरामदगी
पुलिस के मुताबिक आरोपी की जामा तलाशी के दौरान दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 170 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आशिफ उर्फ मोहम्मद आसिफ इद्रीशी के खिलाफ बस्ती जनपद के कोतवाली थाने में मु0अ0सं0 283/2024, धारा 103(1), 115(2), 140(1), 191(2), 238, 324(4) और 333 बीएनएस के तहत भी मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक आयुष यादव, थाना गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ (विवेचक)
- हेड कांस्टेबल रामू यादव
- कांस्टेबल विशाल सिंह
- कांस्टेबल रविन्द्र कुमार
यह खबर भी पढ़ें: शामली में सपा की तिरंगा यात्रा













