इंदिरानगर पुलिस की कार्रवाई, 10 लाख की रंगदारी मांगने का भी आरोप
लखनऊ, 19 मई 2026:
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन-पूर्वी अंतर्गत थाना इंदिरानगर पुलिस ने एक गंभीर आपराधिक मामले का खुलासा करते हुए दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पीड़िता को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 11 अप्रैल 2026 को दर्ज कराया गया था, जिसमें पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी सोनू सिंह उर्फ सोनू वर्मा ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया और उसके बाद दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने इस घटना की रिकॉर्डिंग कर ली और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की मांग की। साथ ही इंस्टाग्राम पर अश्लील फोटो और वीडियो अपलोड करने की धमकी भी दी गई।
इस मामले में थाना इंदिरानगर में मुकदमा संख्या 99/2026 के तहत धारा 64/308 (3) बीएनएस और 67A आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। मामले की जांच निरीक्षक बृजेश कुमार को सौंपी गई थी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 18 मई 2026 को आरोपी को कानपुर नगर के नया गंज चौराहे (थाना कलेक्टरगंज क्षेत्र) के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू वर्मा उर्फ सोनू सिंह (उम्र करीब 43 वर्ष), निवासी लाल बंगला, थाना चकेरी, कानपुर नगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम:
प्रभारी निरीक्षक अजय नारायण सिंह, निरीक्षक बृजेश कुमार, उपनिरीक्षक आशीष कुमार पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।













