15 मई से 23 जून तक असर, यात्रियों को ऐशबाग और बादशाहनगर से मिलेगी सुविधा
लखनऊ:
लखनऊ रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते यात्रियों को आने वाले दिनों में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। 15 मई से 23 जून तक कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। इस अवधि में झांसी-लखनऊ मेमू ट्रेन को करीब 40 दिनों के लिए निरस्त कर दिया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, स्टेशन पर चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड और ट्रैक संबंधी कार्यों के कारण यह निर्णय लिया गया है। इसके अलावा कई एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहेगा और उन्हें बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। इस दौरान यात्रियों को लखनऊ जंक्शन के बजाय ऐशबाग और बादशाहनगर स्टेशन से ट्रेन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसी क्रम में गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (11080) 16 मई से 20 जून तक परिवर्तित मार्ग से चलेगी। वहीं मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस (19054) 17 मई से 21 जून तक बाराबंकी, लखनऊ और मानकनगर की बजाय बाराबंकी, मलहौर, ऐशबाग और कानपुर के रास्ते संचालित की जाएगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।













