लखनऊ | नई सोच नई ऊर्जा
राजधानी लखनऊ की मदेयगंज थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर ₹2.50 लाख की लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से ₹1.92 लाख नकद बरामद किए हैं, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक दुकानदार को सस्ते दामों पर डिस्पोजल और दोना-पत्तल का सामान उपलब्ध कराने का झांसा दिया। सौदा तय होने के बाद पीड़ित को पक्का पुल के पास सुनसान स्थान पर बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उससे ₹2.50 लाख से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद मदेयगंज थाना पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद 21 जुलाई को पुलिस ने पक्का पुल के नीचे गोमती नदी की ओर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले दुकानदारों से संपर्क कर खुद को थोक व्यापारी बताते थे। सस्ते दामों पर माल उपलब्ध कराने का भरोसा देकर उन्हें सुनसान स्थान पर बुलाते और फिर नकदी लूटकर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपी
- मोहन शेख (पश्चिम बंगाल)
- सोहेल पुत्र मोती शेख (वर्तमान पता- मेहंदीगंज, लखनऊ)
- राकिब (पश्चिम बंगाल)
बरामदगी
- ₹1,92,000 नकद
- लूट में प्रयुक्त अन्य साधनों और फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।













