लखनऊ।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना के अंतर्गत आज देशभर के करोड़ों किसानों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली से एक कार्यक्रम के दौरान बटन दबाकर किसानों के बैंक खातों में योजना की 23वीं किस्त सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से हस्तांतरित करेंगे।
केंद्र सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 9.44 करोड़ से अधिक लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की राशि भेजी जाएगी। इस अवसर पर किसानों के लिए आयोजित कार्यक्रमों का देशभर में सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, तेलीबाग, रायबरेली रोड में किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहेंगे।
योजना के तहत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार हर वर्ष तीन किस्तों में सम्मान निधि उपलब्ध कराती है। किसानों को आज जारी होने वाली किस्त का लंबे समय से इंतजार था, जो अब उनके खातों में सीधे पहुंचने जा रही है।
सरकार का कहना है कि इस योजना से देश के करोड़ों छोटे एवं सीमांत किसानों को आर्थिक मजबूती मिली है और खेती-किसानी के कार्यों में सहायता प्राप्त हुई है।













