बीजेपी ने सार्वजनिक किया संपत्तियों का विवरण, टीएमसी सांसद सयोनी घोष बोलीं—नाम का दुरुपयोग, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी तथा उनके परिवार से जुड़ी कथित 43 संपत्तियों का विवरण सार्वजनिक किया है।
बीजेपी के दावे के मुताबिक, इन संपत्तियों में कई फ्लैट और प्रॉपर्टी शामिल हैं, जिनका संबंध अभिषेक बनर्जी और उनके करीबी लोगों से बताया जा रहा है। इसी सूची में एक फ्लैट का संबंध TMC सांसद सयोनी घोष से भी जोड़े जाने का दावा किया गया है।
हालांकि, इस दावे को लेकर सयोनी घोष ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस मामले में जिस “सयानी घोष” का नाम सामने लाया जा रहा है, उसका उनसे कोई संबंध नहीं है।
सयोनी घोष ने आरोप लगाया कि उनका नाम ग़लत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है और इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस तरह की भ्रामक जानकारी फैलाना बंद नहीं हुआ, तो वे कानूनी कार्रवाई करेंगी।
इस पूरे मामले पर अभी तक अभिषेक बनर्जी या टीएमसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है।













