लखनऊ, 27 जून 2026।
थाना विकासनगर पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक गुमशुदा किशोरी को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र के टेढ़ी पुलिया चौराहे के पास एक किशोरी संदिग्ध अवस्था में अकेले घूमती दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही विकासनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और किशोरी को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।
महिला पुलिसकर्मी की सहायता से किशोरी को सुरक्षित स्थान पर लाकर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने किशोरी के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। इस दौरान पता चला कि किशोरी बीती रात से घर से लापता थी और परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे।
सूचना मिलने पर परिजन थाना विकासनगर पहुंचे, जहां आवश्यक सत्यापन एवं वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोरी को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते नाबालिग किशोरी को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सका। मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस सराहनीय कार्यवाही में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार एवं महिला कांस्टेबल सरिता की अहम भूमिका रही।













